Bhopal News: डॉक्टरों ने बड़ी आंत से बनाई नई भोजन नली: पानी की एक बूंद भी निगलना था मुश्किल, डॉक्टरों ने किया जटिल ऑपरेशन
भोपाल. बीएमएचआरसी के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर 25 वर्षीय युवक को नई जिंदगी दी है। करीब डेढ़ साल पहले एसिड पीने से युवक की आहार नली पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गई थी। हालत ऐसी थी कि वह मुंह से न खाना खा पा रहा था और न ही पानी पी सकता था। डॉक्टरों ने बड़ी आंत का करीब 20 सेंटीमीटर हिस्सा निकालकर उससे नई आहार नली तैयार की। सफल सर्जरी के बाद अब युवक दोबारा मुंह से भोजन करने लगा है।
न स्टेंट डालना संभव था, न आमाशय से बन सकती थी नली
मरीज की आहार नली पूरी तरह बंद होने के कारण एंडोस्कोपी से उसे खोलने की कोशिश सफल नहीं हुई। स्टेंट डालना भी संभव नहीं था। वहीं, एसिड से आमाशय भी क्षतिग्रस्त हो चुका था, इसलिए उससे नई आहार नली बनाना संभव नहीं था। मरीज को पोषण देने के लिए छोटी आंत तक पहुंचने वाला वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था, जिसके जरिए उसे तरल भोजन दिया जा रहा था।
बड़ी आंत के हिस्से से तैयार किया नया रास्ता
बीएमएचआरसी के उदर रोग शल्यक्रिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रमोद वर्मा के मुताबिक, डॉक्टरों ने बड़ी आंत के स्वस्थ हिस्से का इस्तेमाल करने का निर्णय लिया। सर्जरी के दौरान बड़ी आंत का करीब 20 सेंटीमीटर हिस्सा सावधानी से अलग किया गया। उसकी रक्त आपूर्ति सुरक्षित रखते हुए उसे ऊपर ले जाकर आहार नली के स्वस्थ हिस्से से जोड़ा गया। दूसरे सिरे को छोटी आंत से जोड़कर भोजन के लिए नया रास्ता तैयार किया गया। बड़ी आंत के बचे हुए हिस्से को भी दोबारा जोड़ दिया गया। इस जटिल प्रक्रिया को चिकित्सा भाषा में कोलोनिक इंटरपोजिशन फॉर ईसोफेजियल रिप्लेसमेंट कहा जाता है।
मरीज का इलाज आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क किया गया।
