Bhopal News: बंसल के सामने यातायात का दबाव कम करने के लिए शाहपुरा से चूनाभट्टी चौराहे तक डलेगा केबिल ब्रिज
राजधानी भोपाल में शाहपुरा लेक से चूना भट्टी चौराहे तक ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए प्रस्तावित केबल ब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना के लिए मध्यप्रदेश सरकार दो साल पहले ही करीब 60 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति दे चुकी है, लेकिन अब तक इसकी डीपीआर और डिजाइन फाइनल नहीं हो पाई थी। हालांकि, अब ब्रिज की चार डिजाइन (अलाइनमेंट) तैयार कर ली गई हैं। इनमें से एक डिजाइन का चयन वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यह जानकारी पीडब्ल्यूडी के ब्रिज सेक्शन के मुख्य अभियंता गोपाल सिंह ने दी।
शाहपुरा लेक से चूना भट्टी चौराहे तक प्रस्तावित इस केबल ब्रिज की डिजाइन तैयार करने में ही करीब दो साल का समय लग गया। इससे पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ब्रिज निर्माण में कई तकनीकी दिक्कतें थीं, जिसके कारण इसकी अंतिम डिजाइन तय नहीं हो पा रही थी। इसी वजह से अलग-अलग अलाइनमेंट तैयार किए गए। अब चार डिजाइन बनकर तैयार हैं, जिन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें से एक डिजाइन फाइनल होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
इस मार्ग पर लंबे समय से ट्रैफिक का अत्यधिक दबाव बना रहता है। इसका एक प्रमुख कारण बंसल हॉस्पिटल में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होना भी है। बंसल अस्पताल में आने वाले वाहनों के सड़क पर खड़े रहने से यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। ऐसे में प्रस्तावित केबल ब्रिज के निर्माण से इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने और भोपालवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित ब्रिज के रास्ते में शाहपुरा लेक होने के कारण इसके निर्माण के लिए एनजीटी की अनुमति भी लेनी होगी। हालांकि, पहले ब्रिज की डिजाइन फाइनल की जाएगी। इसके बाद एनजीटी से संबंधित अनुमति की प्रक्रिया पर काम किया जाएगा।
