Bhopal News: स्वतंत्रता दिवस पर लाल परेड मैदान के आसपास बदला रहेगा यातायात
भोपाल…
15 अगस्त को लाल परेड मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। कार्यक्रम में आने वाले आमंत्रित अतिथियों, नागरिकों और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
नागरिकों के लिए गेट नंबर-3 विजय द्वार और गेट नंबर-5 कैप्टन द्वार से प्रवेश रहेगा। इनके लिए एमवीएम कॉलेज ग्राउंड, एमएलए रेस्ट हाउस और जेल मुख्यालय ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए विजय द्वार, माजार द्वार और प्रबंध द्वार से प्रवेश होगा तथा बसों की पार्किंग एमवीएम कॉलेज ग्राउंड में रहेगी।
समारोह के दौरान रोशनपुरा चौराहा से गांधी पार्क, डीबी मॉल तिराहा से जेल रोड और लिली चौराहा से जहांगीराबाद की ओर यातायात का दबाव रहेगा। इन मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। टीटी नगर-न्यू मार्केट से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की ओर जाने वाली बसें लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, मैदा मिल रोड, सुभाष नगर आरओबी, प्रभात चौराहा और भारत टॉकीज होकर जाएंगी। इसी तरह दोपहिया, कार और जीप चालक रोशनपुरा से बाणगंगा, केएन प्रधान तिराहा, पुराने मछलीघर, खटलापुरा और पीएचक्यू तिराहा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
डीबी मॉल तिराहा से जेल मुख्यालय, लिली चौराहा से पुलिस मुख्यालय और रोशनपुरा से गांधी पार्क तिराहे की ओर जाने वाले मार्गों पर लोक परिवहन और अनुमति प्राप्त वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बसों को निर्धारित स्थानों पर यात्रियों और विद्यार्थियों को उतारने के बाद अलग-अलग पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी पीएचक्यू गेट नंबर-2, सातवीं वाहिनी परिसर, रुस्तमजी आवासीय परिसर और प्रतिमा मलिक अस्पताल परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे।
