MP News: मध्य प्रदेश में 10 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, नर्मदा-बेतवा समेत कई नदियां उफान पर
1 min read

MP News: मध्य प्रदेश में 10 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, नर्मदा-बेतवा समेत कई नदियां उफान पर

भोपाल.

मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया के असर से सक्रिय हुआ सीजन का सबसे मजबूत सिस्टम अब भी कई इलाकों में बारिश करा रहा है। पिछले दो दिनों में हुई झमाझम बारिश से भोपाल समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया, सड़कें पानी में डूब गईं और नदी-नाले उफान पर आ गए। हालात को देखते हुए भोपाल और आगर-मालवा में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में 24 घंटे के भीतर करीब 7 इंच बारिश दर्ज की गई। सीहोर, शाजापुर, विदिशा, मंडला और राजगढ़ में भी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं। राजगढ़ के ब्यावरा में रेलवे अंडरपास में पानी भरने से करीब 25 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ। विदिशा में बाढ़ के पानी में 17 लोग फंस गए, जिन्हें रेस्क्यू किया गया। राजगढ़ में नाले में ईको वैन बहने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई।

इधर, सीहोर में मूसलधार बारिश के दौरान भीलाखेड़ी नदी के पास एक मकान पानी से घिर गया। इसमें एक ही परिवार के 10 लोग फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सोमवार शाम सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रायसेन में पुल डूबे, खेतों में पहुंचा पानी

रायसेन में लगातार हुई बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। सांची रोड स्थित पगनेश्वर और भोपाल रोड के जाखा क्षेत्र में बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटे पुल पानी में डूब गए। कई जगह नदी का पानी खेतों तक पहुंच गया। मंगलवार सुबह तक जिले में रुक-रुककर बारिश जारी रही। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर रात तक चलता रहा। लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे निचले इलाकों और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है।