Indore News: क्राइम ब्रांच ने भंडारी ब्रिज के नीचे 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ ऑटो ड्राइवर को दबोचा
1 min read

Indore News: क्राइम ब्रांच ने भंडारी ब्रिज के नीचे 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ ऑटो ड्राइवर को दबोचा

इंदौर.

क्राइम ब्रांच इंदौर ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ 26 वर्षीय दानिश शेख, निवासी आजादनगर, इंदौर को गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

क्राइम ब्रांच की टीम 11 अगस्त को गश्त एवं पतारसी के दौरान भंडारी ब्रिज के नीचे, एमआर-04 आमरोड़, परदेशीपुरा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया। संदेह के आधार पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दानिश शेख बताया।

विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के लोवर की दाहिनी जेब से सफेद पारदर्शी पन्नी में संदिग्ध पदार्थ मिला। जांच और तौल में पदार्थ 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स पाया गया। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।

मामले में थाना क्राइम ब्रांच इंदौर में अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑटो ड्राइवर है और उसके खिलाफ वर्ष 2025 में भी एनडीपीएस एक्ट का एक प्रकरण दर्ज है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मादक पदार्थों के नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में आगे की विवेचना जारी है।