Bhopal News: एमपी पुलिस में 40 आईपीएस अफसरों को मिलेगा प्रमोशन
भोपाल मध्यप्रदेश पुलिस में दिसंबर महीने में बड़े स्तर पर पदोन्नति की तैयारी है। प्रदेश के करीब 40 आईपीएस अधिकारियों को नए साल में पदोन्नति का लाभ मिल सकता है। इसके लिए दिसंबर में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक होगी। इसमें स्पेशल डीजी, एडीजी, आईजी और डीआईजी के पदों पर पदोन्नति के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। पदोन्नति एक जनवरी 2027 से प्रभावी होने की संभावना है। प्रमोशन के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिलों तक प्रशासनिक फेरबदल भी हो सकता है। कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारी भी बदली जा सकती है।
प्रस्तावित पदोन्नति में एक अधिकारी को स्पेशल डीजी, एक को एडीजी, करीब 20 अधिकारियों को आईजी और 18 अधिकारियों को डीआईजी बनाया जाना है। एडीजी मीनाक्षी शर्मा का नाम स्पेशल डीजी पद के लिए प्रमुखता से सामने आया है। वर्तमान में वे दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में पदस्थ हैं। डीजीपी कैलाश मकवाना के रिटायरमेंट के बाद उनकी पदोन्नति की संभावना जताई जा रही है। उनके प्रमोशन के साथ वर्ष 1995 बैच के अधिकारियों के डीजी बनने का रास्ता भी खुल सकता है।
अभय सिंह बनेंगे एडीजी
वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी अभय सिंह को एडीजी पद पर पदोन्नति मिलना प्रस्तावित है। वर्तमान में वे आईजी योजना के पद पर पदस्थ हैं। वे भोपाल, सागर सहित प्रदेश के कई जिलों में एसपी रह चुके हैं। इसके अलावा सीबीआई में प्रतिनियुक्ति पर भी सेवाएं दे चुके हैं। भोपाल ग्रामीण और इंटेलिजेंस में भी आईजी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
2009 बैच के करीब 20 अधिकारी बनेंगे आईजी
आईजी पद पर पदोन्नति के लिए वर्ष 2009 बैच के करीब 20 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित हैं। इनमें डीआईजी इंटेलिजेंस तरुण नायक, डीआईजी उज्जैन नवनीत भसीन, अमित सिंह, संतोष सिंह गौर, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार पांडे, ओम प्रकाश त्रिपाठी, मोनिका शुक्ला, मनोज कुमार सिंह, सुनील कुमार जैन, अवधेश कुमार गोस्वामी, मनोज कुमार श्रीवास्तव, साकेत प्रकाश पांडे, अमित सांघी, तुषारकांत विद्यार्थी, सत्येंद्र कुमार शुक्ला, वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रशांत खरे, अतुल सिंह और मनोज कुमार अग्रवाल शामिल हैं। इन अधिकारियों ने आईपीएस सेवा के 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं।
2012-13 बैच के अधिकारी बनेंगे डीआईजी
डीआईजी पद पर पदोन्नति के लिए वर्ष 2012 और 2013 बैच के अधिकारियों के नाम भी प्रस्तावित हैं। इनमें सिद्धार्थ चौधरी, यशपाल सिंह राजपूत, धर्मवीर सिंह, अरविंद तिवारी, प्रमोद कुमार सिन्हा, विजय कुमार भगवानी, राजीव कुमार मिश्रा, नवनीत भसीन, रश्मि ठाकुर, जगदीश डाबर, संतोष कोरी और मनोहर सिंह मंडलोई शामिल हैं। इसके अलावा 2013 बैच के पांच अन्य अधिकारियों को भी डीआईजी पद पर पदोन्नति मिल सकती है। हालांकि वैष्णव शर्मा की पदोन्नति जांच के कारण प्रभावित हो सकती है।
