MP News: शराब खरीदने से पहले कराई जा रही लिवर-किडनी की जांच: दुकानों के बाहर लगे स्वास्थ्य शिविर
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब के दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने के लिए प्रशासन ने अनूठी पहल शुरू की है। अब शराब खरीदने दुकानों पर पहुंचने वाले लोगों का पहले स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके लिए शराब दुकानों के बाहर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं, जहां चिकित्सकों की टीम लोगों के लिवर, किडनी और शरीर के अन्य जरूरी स्वास्थ्य मानकों की जांच कर रही है। बीना के बाद अब केसली, देवरी और बंडा सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी यह अभियान शुरू किया गया है।
शासन के निर्देश पर आबकारी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा यह अभियान संचालित किया जा रहा है। शराब दुकानों के बाहर टेबल और कुर्सियां लगाकर स्वास्थ्यकर्मी लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान जरूरत के अनुसार ब्लड सैंपल भी लिए जा रहे हैं, ताकि लिवर, किडनी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का पता लगाया जा सके। साथ ही लोगों को शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
दरअसल, पिछले कुछ महीनों में सागर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराब सेवन के बाद हुई मौतों की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी। सागर, देवरी, केसली और बंडा क्षेत्र में इस तरह के मामले सामने आए थे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इन घटनाओं की जांच में कई मामलों में मृत्यु का सीधा कारण शराब के बजाय पहले से मौजूद गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पाया गया था। इसके बाद नियमित शराब सेवन करने वाले लोगों के स्वास्थ्य की समय रहते जांच कराने की पहल की गई, ताकि गंभीर बीमारियों और संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की पहचान की जा सके।
स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सक लोगों को अत्यधिक शराब सेवन से लिवर, किडनी और पाचन तंत्र पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दे रहे हैं। कमजोरी अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और समय पर उपचार कराने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा लोगों को संदिग्ध और अवैध स्रोतों से शराब नहीं खरीदने के प्रति भी आगाह किया जा रहा है।
शराब दुकानों के बाहर स्वास्थ्य विभाग की टीमों की मौजूदगी जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रशासन की इस पहल को शराब सेवन करने वालों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान और उन्हें जागरूक करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
