MP News: नाबालिग से गलत हरकत पर हाईकोर्ट सख्त: आरोपी की सजा बरकरार
इंदौर. मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि यौन मंशा से नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना पॉक्सो एक्ट के तहत यौन हमला है। अदालत ने आरोपी की अपील खारिज करते हुए विशेष न्यायालय द्वारा सुनाई गई सजा बरकरार रखी।
न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की पीठ ने कहा कि यदि परिस्थितियों से आरोपी की यौन मंशा साबित होती है, तो नाबालिग से किया गया ऐसा शारीरिक संपर्क पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 के दायरे में आता है। आरोपी ने विशेष न्यायालय द्वारा धारा 7 और 8 के तहत सुनाई गई सजा को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अदालत ने साक्ष्यों की समीक्षा के बाद विशेष न्यायालय के फैसले को सही ठहराया।
घर में अकेला पाकर पकड़ा हाथ
मामले के अनुसार, 23 सितंबर 2020 को आरोपी यूसुफ मिस्त्री का काम करने के लिए पीड़िता के घर पहुंचा था। उस समय नाबालिग के माता-पिता और बड़ी बहन घर पर मौजूद नहीं थे। आरोपी ने लड़की को घर में अकेला पाकर यौन मंशा से उसका हाथ पकड़ लिया। लड़की के विरोध करने के बावजूद आरोपी ने हाथ नहीं छोड़ा। किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर पीड़िता गैलरी में पहुंची और दरवाजा बंद कर अपनी सुरक्षा की। आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी भी दी।
