MP News: नेशनल हाईवे-30 पर टैंकर में घुसी कार, 100 मीटर घिसटने के बाद लगी आग
1 min read

MP News: नेशनल हाईवे-30 पर टैंकर में घुसी कार, 100 मीटर घिसटने के बाद लगी आग

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार टैंकर में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटती रही। कुछ दूर आगे रुकते ही कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। कार में सवार तीन युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, हालांकि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास हुआ। वरना कार (एमपी 66 जेडसी 4783) में सवार युवक जबलपुर से घूमकर अपने घर बैढ़न, जिला सिंगरौली लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार टैंकर में फंस गई और उसके साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई।

टैंकर चालक ने कार को पीछे घिसटते देखा तो वाहन रोक दिया। इसके कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई। लपटें उठती देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार सवार तीनों युवकों ने बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

हादसे की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। दमकल वाहन की मदद से कार में लगी आग पर काबू पाया गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ रुक गए। उन्होंने पुलिस और दमकल कर्मियों के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। जली हुई कार को सड़क से हटाने के बाद यातायात बहाल कराया गया।

हादसे में घायल युवकों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30) पुत्र रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40) पुत्र हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32) पुत्र सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। तीनों सिंगरौली जिले के बैढ़न के निवासी हैं।

कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार ने बताया कि तीनों घायलों को मैहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।