Bhopal News: गोवंश वध के आरोप पर तनाव, बजरंग दल-विहिप का प्रदर्शन, दो आरोपी गिरफ्तार
1 min read

Bhopal News: गोवंश वध के आरोप पर तनाव, बजरंग दल-विहिप का प्रदर्शन, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में रविवार तड़के गोवंश वध की सूचना के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने शब्बन चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच गोवंश वध की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता जहांगीराबाद के संबंधित इलाके में पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का दावा है कि मौके पर पांच गायें जीवित मिलीं, जबकि तीन गायों के अवशेष पड़े हुए थे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इसी दौरान विवाद की स्थिति बन गई।

संगठन के कार्यकर्ताओं ने अजहर अली, इमरान, आदिल और मुज्बील नाम के चार लोगों पर गोवंश वध में शामिल होने का आरोप लगाया है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि कुछ संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। वहीं, पुलिस ने मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।

थाने का घेराव कर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

घटना के विरोध में बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ताओं ने जहांगीराबाद थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। उन्होंने मौके से मिले अवशेषों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने, आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने तथा कथित हमले और उनके वाहन में तोड़फोड़ की शिकायत पर कार्रवाई करने की मांग की।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस मौके से मिले अवशेषों की जांच करा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गोवंश वध के आरोपों की पुष्टि और संबंधित लोगों की भूमिका तय की जाएगी। कार्यकर्ताओं पर हमले और वाहन में तोड़फोड़ की शिकायतों की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।