Bhopal News: जनजातीय गौरव सप्ताह की तैयारियों को लेकर भाजपा की कार्यशाला आयोजित: 11 से 18 नवंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, भाजपा के संघटक वी. सतीश, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसमें जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज का देश की स्वतंत्रता, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्र की रक्षा में अतुलनीय योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, भीमा नायक, खाज्या नायक, शंकर शाह, रघुनाथ शाह और वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुषों ने अंग्रेजी शासन और विदेशी आक्रांताओं के अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष किया। उनके बलिदान और संघर्ष को देश के इतिहास में उचित स्थान दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय नायकों को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान दिलाया है। कार्यकर्ता इन महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाएं।
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। 15 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सप्ताह के दौरान प्रत्येक जिले में 50 प्रतिशत या उससे अधिक जनजातीय आबादी वाले गांवों को चिह्नित कर चौपाल आयोजित की जाएंगी।
