MP News: आयुष्मान मरीजों के इलाज पर मंडराया संकट
1 min read

MP News: आयुष्मान मरीजों के इलाज पर मंडराया संकट

मध्य प्रदेश में निजी अस्पतालों ने 8 अक्टूबर से आयुष्मान योजना के अनिश्चितकालीन बहिष्कार की चेतावनी दी है। बकाया भुगतान, क्लेम कटौती और एनएबीएच की अनिवार्यता को लेकर अस्पताल संगठन आंदोलन की तैयारी में हैं। प्रदेश के 739 संबद्ध अस्पतालों में करीब 310 के पास एनएबीएच प्रमाणपत्र है।मध्य प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज व्यवस्था पर संकट गहराता जा रहा है। निजी अस्पताल संगठनों ने 8 अक्टूबर से आयुष्मान योजना का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करने का ऐलान किया है। यानी तय समय तक समाधान नहीं हुआ तो निजी अस्पतालों में आयुष्मान के मरीजों का इलाज बंद हो सकता है। अस्पताल संचालकों का कहना है कि एक तरफ पुराने क्लेम का भुगतान अटका है, दूसरी तरफ एनएबीएच प्रमाणपत्र की अनिवार्यता लागू कर दी गई है। ऐसे में अस्पतालों पर आर्थिक और प्रक्रियागत दोनों तरह का दबाव बढ़ गया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मध्य प्रदेश और यूनाइटेड प्राइवेट हॉस्पिटल्स डायरेक्टर्स एसोसिएशन समेत विभिन्न अस्पताल संगठनों ने सरकार को 8 अक्टूबर तक समाधान का समय दिया है। संगठनों का दावा है कि भोपाल के कई निजी अस्पतालों का आयुष्मान योजना में करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये तक भुगतान लंबित है।