Bhopal News: मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में चोरी: मेडिकल उपकरण सहित 10 हजार का सामान गायब
राजनीतिक क्रांति, भोपाल
करोंद स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में चोरी का मामला सामने आया है. अज्ञात चोर क्लीनिक के अंदर रखे मेडिकल उपकरण और अन्य सामान चोरी कर ले गए. पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, ईडब्ल्यूएस-38 हाउसिंग पार्क कॉलोनी करोंद निवासी शुभम सामंत (27) मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक विश्वकर्मा नगर, रीगल शादी हाल के पास करोंद में प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि 23 सितंबर की शाम करीब 5 बजे क्लीनिक बंद कर वह घर चले गए थे.
अगले दिन 24 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे क्लीनिक की हाउसकीपिंग कर्मचारी अमना बी ने फोन कर बताया कि मुख्य ताला टूटा नहीं है, लेकिन अंदर के ताले टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है. सूचना मिलने पर शुभम मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी.
क्लीनिक में जांच करने पर एक टैब, वेट मशीन, ऑटोस्कोप, नेबुलाइजर मशीन, टंग डिस्पेंसर, हैमर, ग्लूकोमीटर, बीपी इंस्ट्रूमेंट, स्टील ट्रे, पल्स ऑक्सीमीटर और तीन टॉर्च सहित करीब 10 हजार रुपए का सामान गायब मिला. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
