Bhopal News: अवधपुरी में लूट की कोशिश, रिटायर्ड अफसर के सिर पर हथौड़े से किए वार: शोर मचाने पर किया लहूलुहान
राजनीतिक क्रांति, भोपाल
अवधपुरी के न्यू श्रीराम परिसर फेज-3 में गुरुवार सुबह लूट की कोशिश में 71 वर्षीय रिटायर्ड माइनिंग अफसर मोहन चौधरी पर तीन बदमाशों ने हथौड़े से हमला कर दिया। बदमाश बुजुर्ग को रस्सी से बांधने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने शोर मचाया तो पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तीनों बदमाश भाग निकले। हमले में बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट आई है। उनका एम्स भोपाल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामले में बुजुर्ग दंपती की 23 वर्षीय महिला केयरटेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर घर में लूट की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तीनों फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल रिटायर्ड अफसर पन्ना डायमंड माइनिंग प्रोजेक्ट में काम कर चुके हैं और वर्ष 2016 में सेवानिवृत्त हुए थे। वे पत्नी और बेटे के साथ डुप्लेक्स में रहते हैं। उनका बेटा मैनिट में पीएचडी कर रहा है। गुरुवार सुबह वह संस्थान चला गया था।
सुबह करीब 11 बजे बुजुर्ग की पत्नी, जिनकी हाल ही में कूल्हे की सर्जरी हुई है, ग्राउंड फ्लोर के बाथरूम में केयरटेकर की मदद से नहा रही थीं। इसी दौरान बुजुर्ग पहली मंजिल के बाथरूम में थे। पुलिस के अनुसार, तीनों बदमाश सीधे पहली मंजिल पर पहुंचे और बुजुर्ग को रस्सी से बांधने लगे। विरोध करने और शोर मचाने पर एक बदमाश ने उनके सिर पर हथौड़े से दो-तीन वार कर दिए। इससे वे बेहोश हो गए।
शोर सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे तो तीनों बदमाश भागते दिखाई दिए। पड़ोसियों ने घायल बुजुर्ग को बाथरूम से बाहर निकाला और एम्स पहुंचाया।
जांच के दौरान पुलिस को केयरटेकर पर शक हुआ। डेढ़ महीने से घर में काम कर रही केयरटेकर को मकान और परिवार की दिनचर्या की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, उसने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में साजिश में शामिल होने की बात सामने आई। उसका प्रेमी सिवनी मालवा का रहने वाला बताया जा रहा है। कॉलोनी में लगातार चोरी और सेंधमारी की घटनाओं से नाराज रहवासियों ने अवधपुरी थाने के बाहर प्रदर्शन किया। लोगों ने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
