Bhopal News: एसीपी के घर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 25 लाख का माल बरामद
1 min read

Bhopal News: एसीपी के घर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 25 लाख का माल बरामद

कोलार रोड थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घरों में नकबजनी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत की चोरी की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, बर्तन, मूर्तियां, कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह ने एसीपी के घर में भी ताला तोड़कर चोरी की थी।

पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर की रात कोलार रोड क्षेत्र निवासी विजय कुमार दुबे के घर चोरी हुई थी। फरियादी ड्यूटी पर गए थे, जबकि उनकी पत्नी घर में ताला लगाकर उज्जैन चली गई थीं। देर रात लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर से 10 लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, बर्तन और मूर्तियां गायब थीं। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोलार रोड थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमें बनाई गईं। टीमों ने घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों के करीब 1500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपितों के स्विफ्ट कार से वारदात के दिन भोपाल आने की जानकारी मिली। इसके बाद दीपक गुर्जर, पवन आर्य, रोहित पाल और देवेंद्र गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।