एमपी नीट यूजी 2026: मॉप-अप राउंड का शेड्यूल जारी, 28 सितंबर से पंजीयन
भोपाल
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एमपी राज्य संयुक्त नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के मॉप-अप राउंड का टेंटेटिव टाइम शेड्यूल जारी कर दिया है. एमबीबीएस और बीडीएस की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए यह प्रक्रिया 28 सितंबर से शुरू होगी. नीट यूजी 2026 में क्वालिफाइड और अब तक पंजीयन नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों को इस चरण में नए सिरे से पंजीयन का अवसर मिलेगा.
ऐसा रहेगा मॉप-अप राउंड का कार्यक्रम
28 सितंबर से 2 अक्टूबर: रात 11:59 बजे तक फ्रेश रजिस्ट्रेशन.
3 अक्टूबर: संशोधित राज्य मेरिट सूची, पात्र अभ्यर्थियों की सूची और रिक्त सीटों की जानकारी जारी होगी.
4 से 7 अक्टूबर: रात 11:59 बजे तक च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग.
10 अक्टूबर: सीट आवंटन का परिणाम जारी होगा.
11 से 14 अक्टूबर: शाम 6 बजे तक आवंटित मेडिकल या डेंटल कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
मॉप-अप राउंड में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए नई च्वाइस फिलिंग करना अनिवार्य होगा. हालांकि, जो अभ्यर्थी पहले ही काउंसलिंग के लिए पंजीयन करा चुके हैं, उन्हें दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं होगी.
मॉप-अप राउंड शुरू होने के बाद आवंटित सीट छोड़ने पर सीट लीविंग बॉन्ड के नियम लागू होंगे. ऐसे में प्रवेश लेने के बाद सीट से इस्तीफा देने वाले अभ्यर्थी को निर्धारित बॉन्ड राशि का भुगतान करना पड़ सकता है. इसलिए अभ्यर्थियों को च्वाइस भरने और लॉक करने से पहले कॉलेज व पाठ्यक्रम का चयन सावधानी से करने की सलाह दी गई है.
