MP News: रीवा पुलिस ने बोलेरो से गांजा तस्करी कर रहे तीन तस्करों को दबोचा; करीब 10 लाख का गांजा बरामद
रीवा। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत मध्यप्रदेश की रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बोलेरो वाहन सहित करीब 10 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है।
रीवा संभाग आईजी रीवा गौरव राजपूत को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी डॉ. गुरुकरण सिंह के निर्देश पर सीएसपी आलोक वर्मा के नेतृत्व में चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला और पुलिस टीम ने चोरहटा बायपास पर घेराबंदी की। इस दौरान बोलेरो वाहन को रोककर उसमें सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान वाहन से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम और नेटवर्क के संबंध में जानकारी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
कार्रवाई के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। रीवा पुलिस का ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
