Bhopal News: कलियासोत डैम किनारे कब्जे: एनजीटी में सुनवाई आज
राजनीतिक क्रांति, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बड़ा तालाब और कलियासोत डैम की सीमा से जुड़ी सर्वे रिपोर्ट मंगलवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में पेश की जाएगी। एनजीटी के आदेश पर गठित विशेष टीम ने पांच दिन तक दोनों जलस्रोतों की सीमा का सर्वे किया। इस दौरान ड्रोन की मदद से भी स्थिति का जायजा लिया गया।
सर्वे के दौरान एक विधायक के फार्म हाउस समेत कई रेस्टोरेंट और अन्य कब्जे तालाब एवं डैम की सीमा में पाए गए हैं। विशेष टीम द्वारा तैयार रिपोर्ट में इन सभी स्थानों की स्थिति का उल्लेख किया गया है। मंगलवार को होने वाली सुनवाई में एनजीटीरिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर आदेश जारी कर सकता है।
गौरतलब है कि बड़ा तालाब के एफटीएल (फुल टैंक लेवल) पर अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए एनजीटी ने तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट पर बनाए रखने और गेट नहीं खोलने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद तालाब का जलस्तर निर्धारित स्तर से महज 0.10 फीट कम होने पर ही डैम का गेट खोल दिया गया था।
