Bhopal News: भोज वेटलैंड की सीमा तय करने ड्रोन से सर्वे शुरू; एनजीटी के निर्देश पर हुई शुरुआत
भोपाल। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देश के बाद भोपाल के भोज वेटलैंड की सीमा नए सिरे से तय करने के लिए शनिवार से ड्रोन सर्वे शुरू किया गया। इस सर्वे में अपर लेक यानी बड़े तालाब और उसके आसपास के क्षेत्रों की हवाई तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। सर्वे मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीपीसीबी) की निगरानी में कराया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, झील क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से अनुमति लेना जरूरी है। शनिवार को ड्रोन उड़ाने से पहले जरूरी अनुमति ले ली गई थी। इसके बाद सर्वे टीम ने तीन स्थानों से ड्रोन उड़ाकर पूरे क्षेत्र की हवाई तस्वीरें और वीडियो जुटाए। इनमें भदभदा डैम, सैर सपाटा और मुगलिया छाप शामिल हैं।
