Bhopal AIIMS News: बच्चों में कैंसर के शुरुआती संकेत पहचानना जरूरी;एम्स विशेषज्ञों ने चिकित्सा अधिकारियों को किया जागरूक
1 min read

Bhopal AIIMS News: बच्चों में कैंसर के शुरुआती संकेत पहचानना जरूरी;एम्स विशेषज्ञों ने चिकित्सा अधिकारियों को किया जागरूक

भोपाल। राजधानी भोपाल के एम्स  के बाल रोग विभाग के प्रोफेसर एवं बाल रक्त रोग-कैंसर विशेषज्ञ नरेंद्र कुमार चौधरी और डॉ. मेघा धवन ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के सामुदायिक चिकित्सा अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बच्चों में कैंसर के शुरुआती संकेतों की पहचान और समय पर उपचार को लेकर जागरूक किया। कैंकिड्स-किड्सकैन द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक बिना कारण बुखार, वजन कम होना, असामान्य रक्तस्राव, हड्डियों में लगातार दर्द, शरीर या पेट में गांठ अथवा सूजन कैंसर के संभावित संकेत हो सकते हैं। सुबह सिरदर्द के साथ उल्टी होना मस्तिष्क में गांठ, जबकि शिशु की आंख में सफेद चमक रेटिनोब्लास्टोमा का संकेत हो सकती है। विशेषज्ञों ने बताया कि शुरुआती पहचान और उचित उपचार मिलने पर बच्चों में कैंसर के 70 से 90 प्रतिशत तक मामलों में ठीक होने की संभावना रहती है। आरबीएसके से जुड़े चिकित्सा अधिकारी बच्चों के संपर्क में रहते हैं, इसलिए संदिग्ध लक्षणों की पहचान कर समय पर विशेषज्ञ केंद्र भेजने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।