नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
रायपुर। नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
राज्य सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश के नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीती देर रात कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि नेपाल में फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
