Bhopal News: स्पा सेंटरों की संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम: पुलिस कमिश्नर की सख्त हिदायत, थानों में जमा कराएं पूरी जानकारी
1 min read

Bhopal News: स्पा सेंटरों की संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम: पुलिस कमिश्नर की सख्त हिदायत, थानों में जमा कराएं पूरी जानकारी

राजधानी भोपाल में संचालित सभी स्पा सेंटरों को अब अपने इलाके के थानों में स्पा सेंटरों से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध करानी होंगी। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है कि स्पा सेंटरों की आड़ में कोई अनैतिक या आपराधिक गतिविधियां संचालित न हों। स्पा सेंटरों में कार्यरत सभी कर्मचारियों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक होगा। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर स्पा सेंटरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि शहर की कई कॉलोनियों में बड़ी संख्या में स्पा सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।

पुलिस कमिश्नर ने हाल ही में एक आदेश जारी कर थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने इलाके में इस बात का ध्यान रखें कि कोई भी अपराधी कहीं छिपकर तो नहीं रह रहा है। आदेश में कहा गया कि किरायेदारों, पेइंग गेस्ट और घर में काम करने वाले कर्मचारियों का विवरण संबंधित थाने पर या मध्यप्रदेश सिटीजन पोर्टल पर आवश्यक रूप से दिया जाए। इसी तरह होटलों और धर्मशालाओं में ठहरने वाले व्यक्तियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में आवश्यक रूप से थानों पर रखा जाए। छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों और निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों का विवरण थाने पर आवश्यक रूप से उपलब्ध कराएं।

इसी को देखते हुए पुलिस ने सभी स्पा सेंटरों में कार्यरत स्थानीय और बाहरी कर्मचारियों का सत्यापन कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत संचालकों को अपने यहां काम करने वाले कर्मचारियों की सूची संबंधित थानों में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि स्पा सेंटरों की आड़ में किसी प्रकार की आपराधिक या अनैतिक गतिविधियां संचालित न हो रही हों।

डीसीपी जोन-2 विकास सहवाल ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है, जिसकी कमान एक महिला आईपीएस अधिकारी संभाल रही हैं। उन्होंने कहा कि स्पा सेंटरों में बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यरत हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सत्यापन की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई महिला पुलिस टीम के माध्यम से की जाएगी। सत्यापन के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शहर के सभी स्पा सेंटर अपने यहां कार्यरत स्थानीय और बाहरी कर्मचारियों की सूची संबंधित थानों में उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कर यह सुनिश्चित करना है कि स्पा सेंटर की आड़ में कोई अपराधी छिपकर अनैतिक या आपराधिक गतिविधियों को अंजाम न दे रहा हो।
संजय कुमार
पुलिस कमिश्नर, भोपाल