बिहार : सीवान जिले के आलमापुर पटाखा विस्फोट में करीब 7 की मौत, 05 की एसपी ने की पुष्टि
सीवान। बिहार में सीवान जिले के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट में करीब 07 लोगों की मौत हो गई।
सीवान के पुलिस अधीक्षक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी तक 05 लोगों के शव को बरामद किया गया है, जबकि अ्य लोग अभी अन्दर हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम और एफएसएल की टीम जांच कर रही है, उनकी रिपोर्ट के बाद ही सही जानकारी मिलेगी। फिलहाल 05 की डेडबॉडी मिल गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, इनकी तीन पोतियां, एक पोता के अलावा दो मजदूरों की बात सामने आई है। हालांकि सीवान के डीएम विजय प्रकाश मीणा और एसपी भरत सोनी ने कहा कि अभी तक 05 लोगों के ही शव बरामद किए जा सके हैं। अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल घर में प्रवेश कर रहा है। पूरी तरह छानबीन के बाद ही सही संख्या का पता चल पाएगा। धमाका शाम करीब साढ़े 5 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाकों की आवाज से दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। किसी को यह पता नहीं चल रहा था कि विस्फोट किधर हुआ है। बाद में लोगों को पता चला कि पटाखा कारोबारी अमीरूद्दीन के घर में ही विस्फोट हुआ है।
बताया गया है कि शुक्रवार को रोजाना की तरह घर के भीतर पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पटाखों में विस्फोट होने लगे। लगातार हो रहे धमाकों से मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट इतना भयावह था कि तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे। घटनास्थल का दृश्य बहुत ही भयावह नजर आया। इस घटना के बाद पूरे गांव में खौफ का माहौल है।
