MP NEWS: आधी रात महाकाल मंदिर में घुसे आतंकी… एनएसजी ने संभाला मोर्चा: लाइटें बंद कर 100 कमांडो ने चलाया ऑपरेशन, सिंहस्थ से पहले मंदिर की सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल
1 min read

MP NEWS: आधी रात महाकाल मंदिर में घुसे आतंकी… एनएसजी ने संभाला मोर्चा: लाइटें बंद कर 100 कमांडो ने चलाया ऑपरेशन, सिंहस्थ से पहले मंदिर की सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल

राजनीतिक क्रांति, उज्जैन 

श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार देर रात आतंकी हमले जैसी काल्पनिक स्थिति बनाकर सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए मॉक ड्रिल की गई। रात करीब 11 बजे शुरू हुआ यह अभ्यास रात 2 बजे तक चला। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के 100 से अधिक कमांडो ने मोर्चा संभाला। अभ्यास के दौरान नीलकंठ द्वार और नंदी द्वार के आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया तथा कुछ स्थानों की लाइटें बंद कर दी गईं।
आतंकी हमले की स्थिति में कार्रवाई का अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान एनएसजी के ब्लैक कैट कमांडो ने हथियारों और सुरक्षा संसाधनों के साथ निर्धारित अभियान को अंजाम दिया। इसमें संभावित खतरे से निपटने, श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय की तैयारियों को परखा गया।
इस संयुक्त अभ्यास में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस), महाकाल थाना पुलिस, महाकाल लोक थाना पुलिस, जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल रहे।
सिंहस्थ-2028 से पहले सुरक्षा की तैयारी
सिंहस्थ-2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर और महाकाल लोक की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभ्यास किया गया। इसमें प्रवेश-निकास मार्गों, आपातकालीन रास्तों और संकट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों का आकलन किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय एवं स्थानीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभ्यास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और विभिन्न इकाइयों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना है।
पहले भी हो चुकी है मॉक ड्रिल
महाकाल मंदिर में इससे पहले 26 सितंबर 2023 को भी एनएसजी ने आतंकी घटना से निपटने और बचाव अभियान का पूर्वाभ्यास किया था। देर रात हुई यह मॉक ड्रिल सिंहस्थ-2028 से पहले सुरक्षा तैयारियों को परखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।