MP News: आज 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
1 min read

MP News: आज 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में बूंदाबांदी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 8 अगस्त से पश्चिमी बंगाल और उससे लगे राज्यों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से लो प्रेशर एरिया बना है। इसके आने वाले दिनों में और मजबूत होने की संभावना है। इसके असर से मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।

शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। नरसिंहपुर में 3 इंच, श्योपुर में 2.8 इंच और रीवा में 2.2 इंच बारिश हुई। इसके अलावा शिवपुरी, सीधी, नर्मदापुरम, बालाघाट, छतरपुर, सागर, गुना, रायसेन, मंडला, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, उमरिया, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सतना और शाजापुर समेत कई जिलों में बारिश हुई।

शिवपुरी में उफने नदी-नाले, गांवों में घुसा पानी

शिवपुरी जिले में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। पिछोर क्षेत्र में रात 1 से 3 बजे के बीच हुई भारी बारिश से महुअर नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके चलते खोड़-पिछोर मार्ग बंद हो गया। गुरुकुदवाया समेत आसपास के कई गांवों में पानी घुस गया। खेतों में पानी भरने से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

रविवार को इन जिलों में हल्की बारिश

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश की चेतावनी सिर्फ दतिया, रीवा और सीधी के लिए जारी की गई है।

अब तक 20 प्रतिशत बारिश कम

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक औसतन 17.2 इंच बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 21.5 इंच होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक करीब 4.3 इंच यानी 20% कम बारिश हुई है। क्षेत्रवार देखें तो पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 23% कम और पश्चिमी हिस्से में 18% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की कमी बनी हुई है। अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में 5% से 49% तक कम बारिश हुई है।

पश्चिमी हिस्से में भी आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, भोपाल, दतिया, धार, गुना, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन, बड़वानी और विदिशा में औसत से कम पानी गिरा है। जबकि प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में सिर्फ ग्वालियर, भिंड, बुरहानपुर, देवास और खरगोन ऐसे जिले हैं, जहां अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।