MP News: कूटरचित दस्तावेजों से बनवाए 70 पासपोर्ट, एसटीएफ ने दो आरोपिओं को दवोचा
भोपाल। एसटीएफ मध्यप्रदेश ने गलत पते और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच में मध्यप्रदेश के अलग-अलग स्थानों के पते के कूटरचित दस्तावेज तैयार कराकर करीब 70 पासपोर्ट बनवाए जाने की जानकारी प्रथम दृष्टया सामने आई है। मामले में एसटीएफ ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एसटीएफ एसपी राजेश भदोरिया ने बताया कि आरोपियों द्वारा पासपोर्ट बनवाने के लिए अलग-अलग स्थानों के फर्जी निवास पते और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया जाता था। एसटीएफ भोपाल ने संगठित गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है।
मामले में पासपोर्ट बनवाने वाले अन्य व्यक्तियों और आपराधिक गतिविधियों में सहयोग करने वालों के संबंध में भी जांच की जा रही है। एसटीएफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय किसी संगठित गिरोह से संबंध होने की आशंका को लेकर भी जांच कर रही है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
