MP News: मोदी के 25 साल के राष्ट्रसेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा
भोपाल/सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान को लेकर सोमवार को भोपाल और सीहोर में जिला स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की गईं।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण का साधन बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और मजबूत प्रतिष्ठा स्थापित की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा को अपना संकल्प बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश सह प्रभारी एवं विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव विश्व स्तर पर बढ़ा है। उनकी कर्मठता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देशवासियों में आत्मविश्वास पैदा किया है।
सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि एक माह तक चलने वाले अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा संस्मरण’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘आंगन का मिलन’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा सेतु’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से बदले जीवन की वास्तविक कहानियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी।
