MP News: स्थापना दिवस पर बोले विजयवर्गीय- सात दशकों में बदल गई मध्यप्रदेश की तस्वीर: स्कूल के दिनों को किया याद
इंदौर। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर रविवार को इंदौर के राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश के सफर और अपने बचपन के दिनों को याद किया।
विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश की स्थापना 1 नवंबर 1956 को हुई थी, जबकि उनका जन्म 13 मई 1956 को हुआ। इस तरह मध्यप्रदेश और उनकी उम्र लगभग बराबर है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश को बदलते हुए देखा है। एक समय मध्यप्रदेश को पिछड़ा राज्य कहा जाता था, लेकिन आज प्रदेश विकास के कई पड़ाव पार कर चुका है।
अपने स्कूली दिनों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जिस स्कूल में वे पढ़ने जाते थे, वहां दरवाजे और खिड़कियां तक नहीं थीं। रात में गायें स्कूल में आकर गोबर कर जाती थीं। सुबह बच्चों को पढ़ाई शुरू होने से पहले स्कूल की सफाई करनी पड़ती थी।
