MP News: 55 जिलों की मिट्टी से रोपा संकल्प वृक्ष: 15 जनवरी को भोपाल में होगी सेना दिवस परेड
Bhopal. मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर शौर्य स्मारक में सेना दिवस-2027 के आयोजनों का औपचारिक आगाज-मुख्यमंत्री डाॅ. यादव बोले- सेना के शौर्य और पराक्रम से होगी युवा वर्ष की शुरुआत
भोपाल, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को भोपाल के शौर्य स्मारक में सेना दिवस-2027 के आयोजनों का औपचारिक आगाज हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सुदर्शन चक्र कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान ने प्रदेश के सभी 55 जिलों की मिट्टी से संकल्प वृक्ष का रोपण किया।
इस पहल के जरिए प्रदेश की एकता, अखंडता और भारतीय सेना के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। खास बात यह रही कि सभी जिलों की मिट्टी एनसीसी कैडेट्स ने अपने-अपने क्षेत्रों से एकत्रित कर कलशों में भोपाल पहुंचाई थी। अगले साल 15 जनवरी को भोपाल में 79वां सेना दिवस मनाया जाएगा। पहली बार राजधानी में आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड में भारतीय सेना के शौर्य, सामरिक क्षमता और आधुनिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन होगा। इसमें टैंकों की ताकत, कॉम्बैट ड्रिल्स, आधुनिक सैन्य तकनीक और युद्धक क्षमताओं की झलक देखने को मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संकल्प वृक्ष के रोपण को प्रदेश की सामूहिक पहचान और एकजुटता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सेना और एनसीसी ने मिलकर इस आयोजन के माध्यम से अनूठी पहल की है। प्रदेश के सभी 55 जिलों में गतिविधियां आयोजित कर वहां की मिट्टी एकत्रित की गई और उसे भोपाल लाकर एक ही पौधे में समाहित किया गया। यह मिट्टी प्रदेश की विविधता के बीच एकता और अखंडता का संदेश दे रही है। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए सेना और एनसीसी कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की अलग-अलग बोलियां, परंपराएं और सांस्कृतिक पहचान प्रदेश की समृद्ध विरासत हैं। अनेकता में एकता ही प्रदेश की सबसे बड़ी विशेषता है। संकल्प वृक्ष इसी भावना को प्रदर्शित करता है।
