मध्य प्रदेश में डेला ग्रुप करेगा 2,250 करोड़ का निवेश
1 min read

मध्य प्रदेश में डेला ग्रुप करेगा 2,250 करोड़ का निवेश

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर में आयोजित अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 में विभिन्न उद्योगपतियों एवं निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान डेला ग्रुप के संस्थापक एवं सीएमडी जिमी मिस्त्री ने मध्य प्रदेश में 2,250 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया।

वन-टू-वन चर्चा में नगरीय विकास, आधुनिक टाउनशिप, नवकरणीय ऊर्जा, पर्यटन, डिजिटल तकनीक और अधोसंरचना के क्षेत्र में निवेश एवं विस्तार की संभावनाओं से जुड़े विषय शामिल रहे। डेला ग्रुप के संस्थापक मिस्त्री की मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भोपाल में 220 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित 2,250 करोड़ रूपये की डेला रेसकोर्स परियोजना पर चर्चा हुई। परियोजना में लक्जरी विला, ब्रांडेड रेसिडेंस, पांच सितारा वाइल्डलाइफ रिसॉर्ट तथा घुड़सवारी एवं पोलो की सुविधाएँ विकसित करने की योजना है।

लोकेश कुमार जीनगर के साथ सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, सनग्रो एफपीवी के राहुल मिश्रा और क्वांट सोलर के पंकज कुमार के साथ फ्लोटिंग सोलर तकनीक और जलाशयों पर सौर ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा हुई। पुरवाह ग्रीन पॉवर के संदीप कश्यप के साथ सौर एवं पवन ऊर्जा आधारित हाइब्रिड परियोजनाओं और मेडुला सॉफ्ट के शांतनु शर्मा के साथ स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट एवं आधुनिक परिवहन तकनीक से जुड़े विषय प्रमुख रहे।

पुरवणकरा लिमिटेड के सीईओ मल्लन्ना सासलु और क्लासिक ग्रुप के प्रबंध निदेशक संदीप श्रीवास्तव के साथ आवासीय एवं वाणिज्यिक परियोजनाओं और नियोजित शहरी विकास, प्रोटीन ई-गव टेक्नोलॉजीज के चीफ बिज़नेस एंड प्रोडक्ट ऑफिसर राकेश दोसी के साथ डिजिटल सार्वजनिक अधोसंरचना एवं नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं और जोस्टल के धर्मवीर सिंह चौहान के साथ पर्यटन सुविधाओं, नए पर्यटन सर्किट और अनुभव आधारित पर्यटन के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

नीरकेयर इंडिया लिमिटेड के सीएमडी नीरज श्रीवास्तव के साथ जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन, पुनर्चक्रण और अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन, वोल्टारिस ईवी सॉल्यूशन के सह- संस्थापक एवं निदेशक अनुज कुमार के साथ इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एवं तकनीक आधारित समाधानों और ब्लेन रॉबर्ट डिजाइन के संस्थापक एवं डिज़ाइन डायरेक्टर ब्लेन रॉबर्ट के साथ आधुनिक वास्तुशिल्प, आवासीय एवं व्यावसायिक डिजाइन और इंदौर में कंपनी के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

सिएल एंड टेरे के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ दीपक उषा देवी के साथ फ्लोटिंग सोलर तकनीक और ओंकारेश्वर सौर परियोजना के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सेम्बकॉर्प ग्रीन इन्फ्रा लिमिटेड के चीफ कमर्शियल ऑफिसर राजेश जोलदेव के साथ सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश और विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में कंपनी की 40 मेगावाट क्षमता की परियोजना संचालित है। लॉन्गस्पैन स्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ सत्यजीत निंबालकर से प्रदेश में यूएचपीएफ़आरसी तकनीक के उपयोग, प्रीकास्ट अधोसंरचना के विस्तार तथा सड़क एवं राजमार्ग निर्माण में आधुनिक और टिकाऊ तकनीकों को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। नीति आयोग की प्रमुख सलाहकार अन्ना रॉय से आईईआर रिपोर्ट के संबंध में चर्चा की। वेलस्पन वर्ल्ड के असिस्टेंट वाईस प्रेसिडेंट अभिमन्यु राजवंशी से भी चर्चा की।