Bhopal News: स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने ग्राहक बनकर पकड़ा: एक हजार रुपये मसाज और तीन हजार में अतिरिक्त सेवा की डील, कमरे से कंडोम और चिन्हित नोट बरामद
राजनीतिक क्रांति, भोपाल
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार की गुप्त टीम ने शनिवार को शिवाजी नगर स्थित मिलेनियम स्पा सेंटर पर छापा मारकर देह व्यापार की संदिग्ध गतिविधि का खुलासा किया। कार्रवाई की भनक स्थानीय एमपी नगर थाना पुलिस को भी नहीं दी गई थी। इससे पहले टीम ने मानसरोवर स्थित मेपल स्पा सेंटर की जांच की, जहां गतिविधियां सामान्य मिलीं।
इसके बाद टीम ने मिलेनियम स्पा सेंटर की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा। उसने रिसेप्शन पर मसाज और अतिरिक्त सेवा की बात की। पुलिस के मुताबिक, रिसेप्शन पर उसे मसाज के लिए एक हजार रुपये और अतिरिक्त सेवा के लिए तीन हजार रुपये महिला को देने की बात कही गई। सौदा तय होने के बाद पुलिसकर्मी ने टीम को सूचना दी।
कमरे में महिला के साथ मिला ग्राहक
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी। काउंटर पर रिसेप्शनिस्ट अमन रजक और एक महिला मिली, जबकि कमरा नंबर चार में एक ग्राहक महिला के साथ मिला। तलाशी के दौरान महिला के पास 500-500 रुपये के छह नोट मिले। पुलिस ने बताया कि इन नोटों के क्रमांक वही थे, जो कार्रवाई से पहले ग्राहक बने पुलिसकर्मी को दिए गए थे।
कमरे की तलाशी में तीन पैकेट कंडोम, इस्तेमाल किया हुआ कंडोम और उसका खुला रैपर भी बरामद हुआ। काउंटर से 5,500 रुपये और कंडोम का एक पैकेट मिला।
50 प्रतिशत रकम देने की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि स्पा में बॉडी-टू-बॉडी मसाज के लिए एक हजार रुपये और शारीरिक संबंध के लिए तीन हजार रुपये लिए जाते थे। उसने अपनी कमाई का 50 प्रतिशत अमन रजक, उसके कथित मालिक रवि वर्मा और पूजा मैडम को दिए जाने की बात बताई।
मामले में अमन रजक, रवि वर्मा सहित तीन आरोपितों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब स्पा सेंटर के संचालन, रकम के बंटवारे और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
