MP News: आरपीएफ भोपाल मंडल ने मनाया स्वतंत्रता दिवस; 53 जवान सम्मानित
1 min read

MP News: आरपीएफ भोपाल मंडल ने मनाया स्वतंत्रता दिवस; 53 जवान सम्मानित

भोपाल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल, भोपाल मंडल द्वारा रानी कमलापति आरपीएफ रिजर्व लाइन में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, भोपाल मंडल डॉ. अभिषेक द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता का संकल्प दोहराया।

समारोह के दौरान कुल 53 आरपीएफ बल सदस्यों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन बल सदस्यों द्वारा ऑपरेशन अमानत, ऑपरेशन जीवन रक्षा, यात्री सुरक्षा, ऑपरेशन नारकोस, ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते सहित विभिन्न अभियानों एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान दिया गया था।

इसके अतिरिक्त, आरपीएफ बैंड के सदस्यों को भी उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय प्रदर्शन के लिए प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आरपीएफ बैंड द्वारा विभिन्न अवसरों पर देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोहों में उत्साह एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक प्रभावशाली बनाया गया है।

इन अभियानों एवं पहलों के माध्यम से आरपीएफ कर्मियों द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, जरूरतमंद यात्रियों की सहायता, खोए हुए सामान की सुरक्षित वापसी, मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा संकट में फंसे व्यक्तियों एवं बच्चों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक ने अपने संबोधन में बदलते समय एवं बदलती सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप आरपीएफ को निरंतर स्वयं को अनुकूलित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि रेलवे अपराधों की रोकथाम के लिए पारंपरिक पुलिसिंग के साथ-साथ प्रौद्योगिकी आधारित पूर्वानुमानात्मक पुलिसिंग (Technology-enabled Predictive Policing), डेटा विश्लेषण, सीसीटीवी एवं अन्य आधुनिक तकनीकी साधनों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जाना आवश्यक है।