MP News: 90 हजार की रिश्वत लेते वेयरहाउसिंग के कर्मचारी को दबोचा: एनओसी और मूंग उपार्जन का काम जारी रखने के लिए मांगे थे 1.30 लाख, 40 हजार पहले ले चुका था
1 min read

MP News: 90 हजार की रिश्वत लेते वेयरहाउसिंग के कर्मचारी को दबोचा: एनओसी और मूंग उपार्जन का काम जारी रखने के लिए मांगे थे 1.30 लाख, 40 हजार पहले ले चुका था

भोपाल/नर्मदापुरम। लोकायुक्त पुलिस ने मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के कनिष्ठ सहायक के कहने पर 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते उसके अधीनस्थ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मूंग उपार्जन कार्य की एनओसी जारी करने और दो होल्डिंग चालान पास कर भुगतान के लिए लगाने के एवज में 1.30 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 40 हजार रुपए वह पहले ही ले चुका था।

लोकायुक्त के अनुसार जसलपुर निवासी संदीप कुमार परसाई सहकारी सेवा समिति में सेल्समैन हैं और मूंग उपार्जन का काम भी करते हैं। संदीप ने शिकायत की थी कि नर्मदापुरम वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन में पदस्थ कनिष्ठ सहायक भारत यादव उनसे 1.30 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के अनुसार 8 सितंबर को भारत यादव ने 40 हजार रुपए ले लिए थे। इसके बाद एनओसी जारी करने के लिए 90 हजार रुपए और मांगे जा रहे थे।

शिकायत के बाद लोकायुक्त ने बिछाया जाल

रिश्वत की मांग से परेशान होकर संदीप ने लोकायुक्त कार्यालय भोपाल में शिकायत की। निरीक्षक रजनी तिवारी ने शिकायत का सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को लोकायुक्त की टीम नर्मदापुरम पहुंची।

ट्रैप के दौरान भारत यादव ने खुद रिश्वत लेने के बजाय अपने अधीनस्थ कर्मचारी विपिन सिंह को आवेदक से 90 हजार रुपए लेने के लिए भेजा। आवेदक ने जैसे ही अग्रवाल होटल, मीनाक्षी चौराहे पर विपिन सिंह को रकम दी, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से 90 हजार रुपए बरामद किए गए।

लोकायुक्त पुलिस ने भारत यादव और विपिन सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।