MP News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने बेसहारा बच्चों के साथ मनाया गणेश उत्सव
बैतूल/भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को विजय सेवा न्यास द्वारा गोद लिए गए बेसहारा बच्चों को अपने बैतूल स्थित निवास पर आमंत्रित कर उनके साथ गणेश उत्सव मनाया। बच्चों ने खंडेलवाल और उनके परिवार के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद बच्चों और उनके पालकों के साथ सहभोज किया गया।
इस दौरान खंडेलवाल ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विजय सेवा न्यास के ‘बेसहारा को सहारा’ सेवा प्रकल्प के तहत अब तक 44 परिवारों के 69 बच्चों को गोद लेकर उनकी कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई की जिम्मेदारी ली गई है। निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस न्यास द्वारा जमा कराई जा रही है, जबकि शासकीय स्कूलों और छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक सामग्री के लिए 2 हजार रुपये और उनके पालकों को 20 हजार रुपये की व्यक्तिगत आर्थिक सहायता दी जाती है।
न्यास की ओर से बच्चों की शिक्षा के साथ उनके परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चों की देखभाल करने वाले पालकों की योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।
