MP News: आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर करने के संबंध में फैलाई जा रही बात भ्रामक: कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री यादव
भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर करने के संबंध में फैलाई जा रही बात भ्रामक है, राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि किसी भी आउट सोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था कायम रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी सरकार की ताकत और पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से होती है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर बढ़ेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए राज्य सरकार और अधिकारी-कर्मचारी एक परिवार की तरह कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास (संवाद भवन) में मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा के नेतृत्व में लगभग 40 कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गजमाला से भव्य स्वागत किया। साथ ही शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा की नीति को अनिवार्यत: समाप्त करने, पदोन्नति, वेतन भत्तों में वृद्धि सहित अनेक कल्याणकारी निर्णयों के लिए कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।
