इंदौर में चिटफंड-बीसी फंड के नाम पर 3.10 करोड़ की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने चिटफंड और बीसी फंड के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर वर्ष 2022 से 2025 के बीच योजनाबद्ध तरीके से निवेशकों से रकम लेकर हड़पने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी नरेश पिपले उर्फ गुड्डू अपने साथी शोयेब अब्बासी और कपिल गोलिया के साथ अलग-अलग बीसी फंड और चिटफंड योजनाएं संचालित कर रहा था। आरोपियों ने अधिक मुनाफे और व्यापार का झांसा देकर पीड़ितों से किस्तों और नकद के रूप में करीब 3 करोड़ 10 लाख 62 हजार रुपये जमा कराए।
पीड़ितों ने परिपक्वता राशि मांगी तो आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ताओं ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं।
क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2), 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य सहयोगियों की जांच कर रही है।
