इंदौर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, 53 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 53 ग्राम ब्राउन शुगर और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5.80 लाख रुपये बताई गई है।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एमआर-10 ब्रिज के नीचे, श्री टंट्या मामा टर्मिनल के सामने एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ की डीलिंग के लिए खड़ा है। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मुकेश पुरी निवासी हीरानगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से प्लास्टिक की पन्नी में रखी ब्राउन शुगर बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है।
