Bhopal News: कलियासोत डैम में देखरेख के अभाव में सूख गए पौधे
भोपाल. राजधानी भोपाल में नगर निगम द्वारा बारिश के मौसम में किए गए पौधारोपण की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर निगम ने इस वर्ष कालियासोत डैम क्षेत्र में करीब 2100 पौधे लगाए। पौधारोपण के लिए मशीनों से गड्ढे खोदे गए, लेकिन कई गड्ढे कई दिनों तक खुले पड़े रहे। इस दौरान कई गड्ढों में मिट्टी और पानी भर गया। इसके बाद इनमें पौधे रोपे गए।
मौके पर पौधारोपण में लापरवाही की तस्वीर भी सामने आई है। कई पौधों की पन्नी तक नहीं उतारी गई और उन्हें गड्ढों के पास ही छोड़ दिया गया। कुछ गड्ढों में बाद में पौधे लगाए गए, जबकि कई गड्ढे खुले पड़े दिखाई दिए। पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण की भी कमी नजर आई।
तेज धूप में सूख गए पौधे
पिछले करीब एक सप्ताह से दिन में तेज धूप पड़ने के कारण बड़ी संख्या में पौधे सूख गए हैं। मौके पर स्थिति यह है कि लगाए गए पौधों में से आधे से अधिक पौधे सूखने की बात सामने आ रही है। वहीं, पौधों की सुरक्षा के लिए बनाई गई बाउंड्री वॉल भी कई जगह टूटी हुई है। लोहे का मजबूत गेट भी खराब हालत में पड़ा है।
आवारा मवेशियों ने भी किया नुकसान
सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के अभाव में आवारा मवेशी पौधारोपण क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। इसके चलते कई पौधों को मवेशियों द्वारा चरने से नुकसान पहुंचा है। पौधों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से पौधारोपण पर खर्च की गई राशि के उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
राजनीतिक क्रांति की टीम ने मौके पर देखा हाल
राजनीतिक क्रांति की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर बड़ी संख्या में पौधे सूखे हुए मिले। कई स्थानों पर पौधारोपण के बाद उनकी देखरेख नहीं होने के प्रमाण भी दिखाई दिए। पौधों की सुरक्षा के लिए बनी व्यवस्था भी बदहाल नजर आई।
इस मामले को लेकर राजनीतिक क्रांति द्वारा पहले भी लगातार खबरें प्रकाशित की गई हैं, लेकिन नगर निगम के संबंधित कर्मचारियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। अब मौके की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद पौधारोपण अभियान की निगरानी और सरकारी राशि के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
