MP News: भिंड में आज शाम गूंजेगा सायरन, 40 मिनट तक ब्लैक आउट: युद्ध और हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की मॉकड्रिल, घबराएं नहीं नागरिक
1 min read

MP News: भिंड में आज शाम गूंजेगा सायरन, 40 मिनट तक ब्लैक आउट: युद्ध और हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की मॉकड्रिल, घबराएं नहीं नागरिक

भिंड। मप्र के भिण्ड जिले में शुक्रवार शाम शहर में अचानक बिजली गुल हो जाए और तेज सायरन की आवाज सुनाई दे, तो घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन युद्ध और हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉकड्रिल करेगा। शाम सात बजे शुरू होने वाला यह अभ्यास करीब 40 मिनट चलेगा। इस दौरान पुलिस और सुरक्षा टीमें भी मोर्चा संभालती नजर आएंगी।

ढाई मिनट के सायरन से शुरुआत

अपर कलेक्टर (एडीएम) राजन बी. नाडिया के अनुसार मॉकड्रिल शुरू होते ही करीब ढाई मिनट तक तेज सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हो जाएंगी। शहर में करीब 40 मिनट तक ब्लैक आउट रहेगा। इस दौरान सड़कों पर चल रहे वाहनों की लाइटें बंद कराने और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास होगा। नागरिक सुरक्षा टीम लोगों को आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी भी देगी।

डूबी पुलिया के पास आग का अभ्यास

अभ्यास के दौरान नगर पालिका की डूबी पुलिया के पास एक बिल्डिंग में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई जाएगी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रदर्शन करेगी। हवाई हमले की स्थिति में घायलों को निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जाएगा। डमी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया भी दिखाई जाएगी।

30 सेकंड के सायरन के साथ समाप्ति

प्रशासन इस अभ्यास से यह परखेगा कि आपात स्थिति में पुलिस, प्रशासन और नागरिक सुरक्षा की टीमें कितनी तेजी और आपसी तालमेल से काम करती हैं। करीब 40 मिनट का अभ्यास पूरा होने पर 30 सेकंड तक सायरन बजाया जाएगा। यह मॉकड्रिल खत्म होने का संकेत होगा।

नागरिकों के लिए क्या जानना जरूरी

– शाम सात बजे सायरन बजे तो इसे अभ्यास का हिस्सा समझें।

– ब्लैक आउट के दौरान वाहनों की लाइटें बंद रखने में सहयोग करें।

– 30 सेकंड का सायरन बजने पर समझें कि मॉकड्रिल समाप्त हो गई है।