MP News: ब्यूटीशियन ने बुक किया था होटल का कमरा, कारोबारी को बुलाया, मौत से पहले वही ले गया अस्पताल
इंदौर। इंदौर के एक होटल में ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का राज गहराता ही जा रहा है। घटना के वक्त होटल के कमरे में सोनिला के साथ पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल भी मौजूद था। दीपक घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बताया कि दीपक इंदौर का ही रहने वाला है और शादीशुदा है। वह पालदा क्षेत्र में पाइप का कारोबार करता है। घटना के बाद से उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे तलाश रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर साफ होगी स्थिति
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तिलक नगर पुलिस और डॉक्टरों के बीच हुई चर्चा में फंदे से मौत का एंगल सामने आ रहा है। पुलिस भी इस एंगल पर जांच कर रही है शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। पुलिस ने विसरा भी जांच के लिए भेजा है।
