घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए  एसडीएम से उच्च न्यायालय नाराज: न्यायालय ने एसडीएम व डीएम से मांगा स्पष्टीकरण
1 min read

घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए एसडीएम से उच्च न्यायालय नाराज: न्यायालय ने एसडीएम व डीएम से मांगा स्पष्टीकरण

प्रयागराज। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने चित्रकूट के उपजिलाधिकारी (न्यायिक) के अदालत में अपने कार्यालय के बजाय घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने पर कड़ी आपत्ति जताई है। अदालत ने इस व्यवस्था को लेकर एसडीएम और जिलाधिकारी दोनों से स्पष्टीकरण मांगा। जस्टिस सौरभ श्याम शमशेरी की पीठ ने सवाल किया कि जब एस डी एम को उच्च न्यायालय के सामने पेश होना था तो उन्हें अपने ड्राइंग रूम से जुड़ने की अनुमति क्यों दी गई। एसडीएम ने बताया कि उनके घर पर इंटरनेट की सुविधा बेहतर थी और वे जिलाधिकारी की अनुमति से घर से पेश हुए थे।

उच्च न्यायालय ने अपने आदेश की प्रति उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग के सचिव को भेजने का निर्देश दिया। सचिव यह तय करेंगे कि एस डी एम का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ जांच शुरू की जानी चाहिए या नहीं। अदालत ने जिलाधिकारी को भी सरकारी अधिकारियों के अदालत में पेश होने के तौर-तरीकों को लेकर सतर्क किया।

पीठ ने कहा कि जिलाधिकारी की जिम्मेदारी है कि वे अधिकारियों को अदालत में व्यक्तिगत रूप से या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होते समय आवश्यक शिष्टाचार और मर्यादा का पालन करने की सलाह दें।

हालांकि उच्च न्यायालय इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। अदालत ने कहा कि अगर एसडीएम के कार्यालय में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं थी तो जिलाधिकारी उन्हें अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अनुमति दे सकते थे। अदालत ने इस मामले में एसडीएम और जिलाधिकारी दोनों से जवाब तलब किया। यह मामला सुनील की ओर से दायर रिट याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आया। सुनील चुनाव में निर्वाचित प्रधान हैं। उन्होंने चुनाव में हारे हुए उम्मीदवार की ओर से दायर चुनाव याचिका में पारित आदेशों को चुनौती दी थी।

चुनाव याचिका को 5 जुलाई 2024 के विस्तृत आदेश से खारिज कर दिया गया था। इसके बाद हारे हुए उम्मीदवार ने कथित तौर पर 25 जुलाई 2024 को पुनर्विचार आवेदन दाखिल किया। 1 अप्रैल 2025 को इस आवेदन को स्वीकार करते हुए चुनाव याचिका खारिज करने वाला पुराना आदेश महज पांच पंक्तियों के आदेश से रद्द कर दिया गया। उच्च न्यायालय ने पाया कि 1 अप्रैल 2025 के आदेश में पुनर्विचार आवेदन स्वीकार करने का कोई कारण नहीं बताया गया। यहां तक कि यह भी दर्ज नहीं था कि संबंधित पक्षों को सुना गया था या नहीं।