Bhopal News: चंद लोगों से शुरू हुआ आलमी तब्लीगी इज्तिमा बना सामूहिक सद्भाव का भी बड़ा उदाहरण: 4 दिसंबर से चार दिन तक भोपाल में जुटेंगी देश-विदेशी की जमीतें
1 min read

Bhopal News: चंद लोगों से शुरू हुआ आलमी तब्लीगी इज्तिमा बना सामूहिक सद्भाव का भी बड़ा उदाहरण: 4 दिसंबर से चार दिन तक भोपाल में जुटेंगी देश-विदेशी की जमीतें

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देश के बंटवारे के बाद लोगों में अपनी मिट्टी से जुड़े रहने का संदेश देने के उद्देश्य से शुरू हुआ आलमी तब्लीगी इज्तिमा आज दुनिया के बड़े धार्मिक समागमों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। करीब आठ दशक का सफर तय कर चुका यह आयोजन अब धार्मिक एकजुटता, सेवा, अनुशासन और सामूहिक सद्भाव का बड़ा उदाहरण बन गया है। इसकी शुरुआत चंद लोगों की मौजूदगी से हुई थी, लेकिन आज यहां देश के कोने-कोने के साथ विदेशों से भी जमातें पहुंचती हैं।

भोपाल के ईंटखेड़ी स्थित इज्तिमागाह में 4 से 7 दिसंबर तक 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आयोजन होगा। चार दिनों तक यहां धार्मिक तकरीरों, नमाज, इबादत और सामूहिक दुआ का सिलसिला चलेगा। इस आयोजन की खासियत सिर्फ इसमें जुटने वाली लाखों की भीड़ नहीं है। इसके पीछे आजादी के बाद का एक ऐसा इतिहास भी है, जिसने इस इज्तिमा को धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर एक सामाजिक और ऐतिहासिक महत्व दे दिया।

बंटवारे के दौर में रखी गई थी नींव, चंद लोगों से शुरू हुआ सफर

भोपाल के इज्तिमा का इतिहास देश की आजादी और विभाजन के बाद के हालात से जुड़ा है। वर्ष 1947 में देश के बंटवारे के बाद भोपाल सहित मध्य भारत के कई इलाकों में असमंजस का माहौल था। लोगों के बीच पलायन को लेकर चर्चाएं थीं। ऐसे समय में धार्मिक विद्वानों ने लोगों को एकजुट करने और उनमें भरोसा जगाने की पहल की।

ताजुल मसाजिद के अमीर और तब्लीगी जमात से जुड़े रहे मौलाना इमरान खान नदवी के परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, मौलाना मोहम्मद इमरान खान नदवी अजहरी ने मौलाना मिस्कीन साहब के साथ मिलकर लोगों को एक मंच पर लाने का फैसला किया। इसी पहल के तहत भोपाल में इज्तिमा की शुरुआत हुई।

शुरुआती आयोजन में शामिल लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग विवरण मिलते हैं। कुछ विवरणों में 13 से 14 लोगों से शुरुआत होने का उल्लेख है, जबकि दारुल उलूम ताजुल मसाजिद के इतिहास में पहले इज्तिमा में करीब 500 लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। शुरुआती दौर में यह आयोजन बेहद सीमित संसाधनों के बीच हुआ और धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ता चला गया। उस दौर में इज्तिमा का उद्देश्य केवल धार्मिक तकरीरें करना नहीं था, बल्कि लोगों को एकजुट करना, धार्मिक शिक्षा के प्रति जागरूक करना और समाज में भरोसा कायम करना भी था।

मेवात से शुरू हुई तब्लीगी जमात की मुहिम से जुड़ा है आयोजन

भोपाल के इज्तिमा को समझने के लिए तब्लीगी जमात के इतिहास को जानना भी जरूरी है। इसकी शुरुआत वर्ष 1926 में हरियाणा के मेवात क्षेत्र से मौलाना मोहम्मद इलियास कांधलवी ने की थी। उनका जोर लोगों को धार्मिक शिक्षा, नमाज, अच्छे आचरण और इस्लामी जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक करने पर था। धीरे-धीरे यह मुहिम देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंची। मौलाना इमरान खान नदवी अजहरी भी इस अभियान से जुड़े। उन्हें मध्य भारत में तब्लीगी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी मिली। भोपाल में इज्तिमा का आयोजन इसी व्यापक धार्मिक अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी बना।

ताजुल मसाजिद से ईंटखेड़ी तक पहुंचा आयोजन

भोपाल इज्तिमा की एक खास बात यह भी है कि इसका इतिहास शहर की ऐतिहासिक मस्जिद ताजुल मसाजिद से गहराई से जुड़ा है। शुरुआती कई दशकों तक यहां इज्तिमा आयोजित होता रहा। आयोजन में शामिल होने वालों की संख्या लगातार बढ़ती गई। ताजुल मसाजिद का परिसर लाखों लोगों की मौजूदगी के लिहाज से छोटा पड़ने लगा। इसके बाद आयोजन को शहर के बाहर बड़े मैदान में ले जाने की जरूरत महसूस हुई। वर्ष 2000 के शुरुआती वर्षों में इसे ईंटखेड़ी-घासीपुरा क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया। समय के साथ इस आयोजन की पहचान भोपाल से निकलकर देश-विदेश तक पहुंच गई। कभी कुछ सौ लोगों की मौजूदगी वाला यह धार्मिक समागम आज लाखों लोगों को आकर्षित करता है।

कोविड के कारण टूटी थी आयोजन की परंपरा

भोपाल के इज्तिमा का सफर लगातार आगे बढ़ता रहा, लेकिन कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2020 में इसका आयोजन नहीं हो सका। इसके बाद 2021 और 2022 में विदेशी जमातों की भागीदारी पर प्रतिबंध रहा। वर्ष 2023 से विदेशी जमातों की भागीदारी फिर शुरू हुई और आयोजन ने दोबारा अंतरराष्ट्रीय स्वरूप हासिल किया। वर्ष 2025 में इसका 78वां आयोजन हुआ था। इस वर्ष 79वां इज्तिमा आयोजित किया जा रहा है।

चार दिन तक क्या होगा खास

इज्तिमा का मूल उद्देश्य धार्मिक शिक्षा, आत्मचिंतन और समाज में अच्छे आचरण का संदेश देना है। चार दिनों के दौरान उलेमा और धार्मिक विद्वान तकरीरें करेंगे। इनमें कुरान की शिक्षाओं, नमाज की अहमियत, इंसान के व्यवहार, आपसी भाईचारे, नैतिकता और धार्मिक जीवन से जुड़े विषयों पर बात होगी। इज्तिमा में देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों से जमातें पहुंचती हैं। यहां आने वाले लोग सामूहिक रूप से नमाज अदा करते हैं और धार्मिक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं। आयोजन के दौरान जमातों के बीच धार्मिक संदेश और अनुभव साझा किए जाते हैं। इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव सामूहिक दुआ होती है। इसमें बड़ी संख्या में लोग एक साथ हाथ उठाकर अल्लाह से अमन, शांति, भाईचारे, खुशहाली और पूरी दुनिया की बेहतरी के लिए दुआ करते हैं।

120 एकड़ में पंडाल, 350 एकड़ में पार्किंग

इज्तिमा इंतजामिया कमेटी के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. उमर हफीज खान के अनुसार, इस बार 4 से 7 दिसंबर तक होने वाले 79वें इज्तिमा में 10 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। करीब 120 एकड़ जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। लगभग 350 एकड़ में वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग क्षेत्र बनाए जा रहे हैं। करीब 35 हजार वालंटियर्स व्यवस्था संभालने की तैयारी में हैं। इज्तिमा स्थल पर 24 घंटे चिकित्सा और एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध रखने की तैयारी है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

भोपाल की पहचान बन चुका है इज्तिमा

भोपाल का इज्तिमा केवल धार्मिक कार्यक्रम के रूप में नहीं देखा जाता, बल्कि यह शहर की मेहमाननवाजी और सामूहिक व्यवस्था क्षमता का भी बड़ा उदाहरण है। लाखों लोगों के आने पर उनके ठहरने, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और यातायात की व्यवस्था करना अपने आप में बड़ी चुनौती होती है। इसमें आयोजन समिति के साथ हजारों वालंटियर्स और स्थानीय लोग भी सहयोग करते हैं। बड़ी संख्या में लोग श्रमदान कर पंडाल निर्माण, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में हिस्सा लेते हैं।

इस बार इबादत के साथ पानी बचाने का पैगाम देगा इज्तिमा

इस बार आयोजन में इबादत के साथ जल संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजन समिति ने पिछले तुलनीय आयोजन के मुकाबले पानी की खपत में 30 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

कमेटी के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. उमर हफीज के अनुसार, इज्तिमा में हर साल बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में पेयजल, वुजू, स्नान और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। इस बार आयोजन समिति ने पानी की सीमित उपलब्धता और उसके महत्व को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण को प्रमुख विषय बनाया है। इसके तहत इज्तिमागाह में पानी की बर्बादी रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पानी की हिफाजत को इस बार विशेष अभियान के रूप में लिया गया है। कमेटी का प्रयास है कि यहां आने वाले लोग पानी बचाने का संदेश अपने घरों और समाज तक भी लेकर जाएं।

इधर, व्यवस्थाओं को पूरा करने में आयोजन समिति के साथ विभिन्न सरकारी विभाग जुटे हैं। नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। बड़ी संख्या में वालंटियर्स भी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।