Bhopal News: पत्नी के शौक पूरे करने शोरूम से चुराई 23 लाख की कार: गिरफ्तार
1 min read

Bhopal News: पत्नी के शौक पूरे करने शोरूम से चुराई 23 लाख की कार: गिरफ्तार

राजनीतिक क्रांति, भोपाल 
पत्नी के महंगी कारों के शौक पूरे करने के लिए शोरूम कर्मचारी ही 23 लाख रुपये की लग्जरी कार लेकर फरार हो गया. अशोका गार्डन पुलिस ने जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन शोरूम से कार चोरी करने के आरोप में कर्मचारी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई वर्टस जीटी कार बरामद कर ली है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में किराए के मकान में रह रहा था. वह पिछले करीब एक साल से फॉक्सवैगन शोरूम में काम कर रहा था. इससे पहले स्कोडा कंपनी में भी नौकरी कर चुका है. 28 सितंबर की रात वह ग्राहक के नाम पर बुक की गई कार लेकर शोरूम से फरार हो गया था.

जीपीएस ने पहुंचाया आरोपी तक

शोरूम में स्टॉक का मिलान करने पर कार गायब होने का पता चला. इसके बाद कंपनी ने जीपीएस के जरिए कार की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया. शुरुआत में शोरूम के सीसीटीवी फुटेज में चेहरा स्पष्ट नहीं होने के कारण आरोपी की पहचान नहीं हो सकी. शुक्रवार रात कार की लोकेशन नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली. पुलिस मौके पर पहुंची तो कार आरोपी की पत्नी चला रही थी. इसके बाद जांच में शोरूम कर्मचारी की भूमिका सामने आई.

पूछताछ में आरोपी ने कार चोरी करना स्वीकार किया. उसने बताया कि पत्नी को महंगी कारों का शौक था और उसे पूरा करने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया. थाना प्रभारी अनुराग लाल के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ की जाएगी.