सतना रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, समय पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
1 min read

सतना रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, समय पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

मध्य प्रदेश के सतना शहर के रेलवे स्टेशन पर शनिवार तड़के स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला ने चिकित्सकीय सहायता समय पर नहीं मिलने के कारण रेलवे स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय में ही नवजात को जन्म दिया। घटना के बाद जननी एक्सप्रेस और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गर्भवती महिला महिला प्रतीक्षालय में अकेली थी और तेज प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। उसकी हालत बिगड़ती देख वहां मौजूद महिला यात्रियों ने जननी एक्सप्रेस को फोन कर मदद मांगी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। मौके पर मौजूद महिलाओं का आरोप है कि जिला अस्पताल ले जाने के लिए पैसों की भी मांग की गई। करीब एक घंटे तक चिकित्सकीय सहायता का इंतजार किया गया, लेकिन कोई मदद नहीं पहुंची। आखिरकार सुबह करीब 4:22 बजे महिला ने रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के सामने ही एक नवजात शिशु को जन्म दिया। स्टेशन पर मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए प्रसूता की सहायता की और सुरक्षित प्रसव कराया।

प्रसूता और नवजात की स्थिति स्पष्ट नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला की पहचान खुशबू के रूप में बताई है। उनका कहना है कि महिला का पति उसे प्रतीक्षालय में छोड़कर कहीं चला गया था। हालांकि, प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल ले जाया गया या नहीं और उनकी वर्तमान स्थिति क्या है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी, जांच की मांग

घटना के बाद जननी एक्सप्रेस, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और जिला अस्पताल की व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *