Bhopal News: विधान सभा में आज विशेष आयोजन, प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ ‘विधायिनी’ का संविधान विशेषांक होगा जारी: मुख्यमंत्री यादव की मौजूदगी में संविधान गैलरी का उद्घाटन
1 min read

Bhopal News: विधान सभा में आज विशेष आयोजन, प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ ‘विधायिनी’ का संविधान विशेषांक होगा जारी: मुख्यमंत्री यादव की मौजूदगी में संविधान गैलरी का उद्घाटन

भोपाल।भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला और देश की संवैधानिक यात्रा के ऐतिहासिक पड़ावों को जनमानस के सामने लाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश विधानसभा में आज ‘संविधान दिवस उत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस बार आयोजन का विशेष आकर्षण विधानसभा परिसर में स्थापित की जा रही ‘संविधान गैलरी’ और संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी होगी।

इस अवसर पर विधानसभा की पत्रिका ‘विधायिनी’ के संविधान विशेषांक का विमोचन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं के गणमान्य अतिथि इस विमोचन समारोह में उपस्थित रहेंगे। विशेषांक के माध्यम से संविधान, संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

दरअसल, इनके माध्यम से संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, संविधान सभा की भूमिका और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में मध्यप्रदेश के योगदान को रेखांकित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर अध्यक्षता करेंगे। संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं के प्रमुख, आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य और विश्वविद्यालयों के कुलगुरु भी समारोह में शामिल होंगे।

यह आयोजन संविधान दिवस की औपचारिक स्मृतियों, संविधान की रचना, उसके मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व को समझने का अवसर भी बनेगा। विधानसभा परिसर में संविधान गैलरी की स्थापना इसी दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसमें संविधान सभा का सामूहिक चित्र प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका और योगदान को दर्शाने वाले चित्रों को भी स्थान दिया जाएगा। इससे संविधान निर्माण की प्रक्रिया से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को एक स्थायी स्वरूप में प्रस्तुत करने का प्रयास होगा।

संविधान गैलरी में दिखेगी संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा

समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में गेट नंबर पांच के समीप स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा। इसके बाद अतिथि संविधान गैलरी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। विधानसभा के सेंट्रल हॉल में भारतीय संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में संविधान से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों और उसके निर्माण की यात्रा को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।