Bhopal News: जलसा होटल के कमरा नंबर 403 में क्राइम ब्रांच की दबिश: 2.51 ग्राम एमडी के साथ आरोपी गिरफ्तारऔर मोबाइल जब्त
1 min read

Bhopal News: जलसा होटल के कमरा नंबर 403 में क्राइम ब्रांच की दबिश: 2.51 ग्राम एमडी के साथ आरोपी गिरफ्तारऔर मोबाइल जब्त

राजनीतिक क्रांति, भोपाल 
बागसेवनिया स्थित जलसा होटल में कमरा लेकर एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने की तैयारी कर रहे सीहोर के युवक को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी होटल के कमरा नंबर 403 में बैठकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.51 ग्राम एमडी पाउडर और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूके की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जलसा होटल के एक कमरे में युवक एमडी पाउडर लेकर ग्राहकों को बेचने के लिए बैठा है। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर विधिवत अनुमति प्राप्त की और होटल पहुंची। मैनेजर की मौजूदगी में कमरा खुलवाया गया तो वहां एक युवक मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल राठौर (34), निवासी बिलकिसगंज, जिला सीहोर बताया।

मोबाइल से खंगालेंगे सप्लाई नेटवर्क

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पारदर्शी पन्नी में रखा 2.51 ग्राम सफेद पाउडर मिला। आरोपी ने इसे एमडी बताया। पुलिस ने एक ग्रे रंग का सैमसंग मोबाइल भी जब्त किया है। मोबाइल के जरिए ड्रग्स के स्रोत और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मादक पदार्थ की वास्तविक पुष्टि रासायनिक परीक्षण रिपोर्ट से होगी।