Bhopal News: अवैध शराब पर रोक के लिए कलेक्टर का आदेश: अवैध बिक्री की सूचना तत्काल मजिस्ट्रेट या थाना प्रभारी को दें
भोपाल. जिले की सभी ग्राम पंचायतों में अवैध और कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सतत निगरानी करेगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट प्रियंक मिश्रा ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए मैदानी अमले को अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिलते ही तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, गांवों में कच्ची या अवैध शराब की बिक्री, लाइसेंसी दुकानों से पैकारी अथवा एजेंट, डायरी सहित अन्य माध्यमों से अवैध बिक्री की जानकारी मिलने पर निकटतम अनुविभागीय मजिस्ट्रेट, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट या थाना प्रभारी को तत्काल सूचित करना होगा।
इसकी जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों, पटवारियों, ग्राम पटेलों, कोटवारों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को सौंपी गई है। कलेक्टर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 34(1) के तहत सूचना देने के दायित्व का भी उल्लेख किया है।
