Bhopal News: स्विगी डिलीवरी बॉय से शराब के लिए मांगे 1500 रुपये: विरोध पर चाकू से हमला
1 min read

Bhopal News: स्विगी डिलीवरी बॉय से शराब के लिए मांगे 1500 रुपये: विरोध पर चाकू से हमला

राजधानी के सईद कॉलोनी में खाना पहुंचाने गए स्विगी डिलीवरी बॉय से तीन युवकों ने शराब के लिए 1500 रुपये मांगे। इनकार करने पर आरोपितों ने मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। घटना में डिलीवरी बॉय के बाएं हाथ की उंगलियों में चोट आई। आरोपित खाना लेने के बाद डिलीवरी के 344 रुपये दिए बिना भाग गए।

पुलिस के मुताबिक, अल्तमस खान (23) 12 अक्टूबर की रात करीब 3:35 बजे ग्रीन पार्क कॉलोनी, कमलनगर रोड स्थित सईद कॉलोनी में ऑर्डर पहुंचाने गए थे। ग्राहक के नाम पर पहुंचे तीन युवकों में से एक ने खाना ले लिया। जब अल्तमस ने भुगतान मांगा, तो युवकों ने शराब के लिए 1500 रुपये की मांग की। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया और तीनों जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपितों की उम्र 20 से 25 वर्ष बताई गई है। पुलिस उनकी पहचान कर तलाश में जुटी है।