Manipur: महिला की गोली मारकर हत्या के बाद कुकी-नागा के बीच गोलीबारी
1 min read

Manipur: महिला की गोली मारकर हत्या के बाद कुकी-नागा के बीच गोलीबारी

मणिपुर. मणिपुर के कामजोंग जिले में कथित तौर पर गोली मारकर एक महिला की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद हिंसा से जूझ रहे राज्य में फिर से हिंसा भड़क गई, जिसके चलते अधिकारियों को निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी। यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी। यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:35 बजे नागा-बहुल जिले के कुकी-बहुल गांव ‘चसाड’ में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पांच बच्चों की मां उस महिला की गर्दन के पास गोली लगी और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। इस हत्या के बाद कुकी और नागा सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह भी जारी थी। बताया जा रहा है कि हिंसा में कई घरों में आग भी लगा दी गई। जिला प्रशासन ने और हिंसा को रोकने के लिए चसाड पुलिस गेट जंक्शन के 400 मीटर के दायरे में बीएनएसएस की धारा 162 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। इन आदेशों के तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है।