Bhopal News: नगर निगम ने इंदिरा नगर में दो अनधिकृत कब्जे वाले आवास कराए खाली
1 min read

Bhopal News: नगर निगम ने इंदिरा नगर में दो अनधिकृत कब्जे वाले आवास कराए खाली

भोपाल। भोपाल नगर निगम ने आवासीय योजनाओं में बकाया ऋण की वसूली और अनधिकृत रूप से रह रहे लोगों से आवास खाली कराने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को 12 नंबर स्टॉप के पास स्थित इंदिरा नगर फेस-01 की बीएसयूपी आवासीय परियोजना में निगम की टीम ने दो अनधिकृत निवासियों से आवास खाली कराए। वहीं, चार ऋणधारकों ने मौके पर ही बैंक की बकाया राशि का भुगतान कर ऋण का सेटलमेंट किया।

नगर निगम की हाउसिंग फॉर ऑल शाखा ने यह कार्रवाई स्वतंत्र माइक्रो हाउसिंग फाइनेंस की ओर से गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) घोषित किए गए ऋणधारकों के मामलों में की। अभियान के दौरान बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता और पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने आवासों में अनधिकृत रूप से रह रहे दो व्यक्तियों से मकान खाली कराए। इसके बाद संबंधित आवासों में ताले लगाने की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान चार ऋणधारकों ने बैंक की बकाया राशि जमा कर अपने ऋण का सेटलमेंट कराया। निगम की हाउसिंग फॉर ऑल शाखा द्वारा विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में बकाया ऋण की वसूली और अनधिकृत कब्जे हटाने के लिए ऐसी कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम का उद्देश्य ऋण की बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने के साथ आवासीय योजनाओं के मकानों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करना है।